<<

परिचय

हमारे वितरक

प्रमुख आकर्षण

रिक्त-पद

रोज़गार संपर्क

हमसे पूछिये

परिणाम

सवाल-जवाब

अभिलेख

>>

 

 

पिछला सप्ताह

आत्मविश्वास, आत्मज्ञान और आत्मसंयम केवल यही तीन जीवन को परम संपन्न बना देते हैं। - टेनीसन

 Top 

4 मई

  • डाटाविंड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनीत सिंह तुली ने कहा कि आईआईटी बंबंई को 2,263 रुपये प्रति इकाई के मूल्य पर एक लाख आकाश टैबलेट देने के बाद अगला संस्करण 2500 रुपये प्रति इकाई पर देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि आकाश टैबलेट पर समिति इसका उच्च संस्करण 2500 रुपये प्रति इकाई पर चाहती है। हम प्रत्येक दस लाख इकाई के आर्डर पर इस मूल्य के लिये तैयार हैं।

  • रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की और उन्हें चीनी घुसपैठ से निपटने के लिये सशस्त्र बलों की तैयारियों और लद्दाख में मौजूदा हालात से अवगत कराया। राष्ट्रपति देश की तीनों सेनाओं के सुप्रीम कमांडर हैं। सरकारी सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री ने राष्ट्रपति को लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी इलाके में 19 किलोमीटर अंदर तंबू गाड़कर बैठे चीनी सैनिकों की हरकतों के बारे में बताया। एंटनी ने इलाके के मौजूदा हालात और सरकार द्वारा किये जा रहे उपायों से भी अवगत कराया।

  • जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में चीनी घुसपैठ के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ताओं और अनेक स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। अनेक स्कूलों के छात्र हाथों में तिरंगा और गो चाइना गो के लिखे पोस्टर लिये हुये वेस्ट असेंबली मूवमेंट के बैनर तले चीन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

  • अमेरिका के कैलिफोर्निया में तकरीबन 28 हजार एकड़ भूमि आग की चपेट में आ गई। तेज हवाओं के चलते 18 घंटों में 28000 एकड़ क्षेत्र आग की चपेट में आ गया। आग की वजह से पंद्रह हजार घरों में बिजली नहीं रही। आग की वजह से पंद्रह घरों के साथ-साथ पांच व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी क्षति पहुंची है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस आग की वजह से कुछ राज्यों में ज्यादा गर्मी पड़ेगी और कुछ जगह सूखा भी पड़ सकता है।

5 मई

  • मतदाता को जल्दी ही यह पता लग सकेगा कि उसने चुनाव में ईवीएम के माध्यम से जो वोट डाला है वह उसी उम्मीदवार के पक्ष में गया है कि नहीं जिसके लिये उसने मतदान किया था। सूत्रों की मानें तो मतदाता की पुष्टि के लिये एक प्रिंटेड स्लिप जारी की जायेगी। निर्वाचन आयोग द्वारा वोटर वेरी फाइड पेपर ऑडिट प्रणाली को लागू किये जाने पर जल्दी ही यह योजना हकीकत का रूप ले लेगी।

  • मलेशिया में कांटे की टक्कर वाले आम चुनाव में तकरीबन अस्सी प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव आयोग ने कहा है कि मलेशिया में पंजीकृत 1299 करोड़ मतदाताओं में से 80 प्रतिशत ने देश में हुये आम चुनाव में मतदान किया। शाम पांच बजे मतदान खत्म होने के बाद ही मतगणना शुरू हो गई और पहले चरण के नतीजे जल्दी ही आने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इस चुनाव में पिछले छह दशक से देश की सत्ता संभाल रही पार्टी को विपक्षी दल से कड़ी टक्कर मिल रही है।

  • चीन के लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी से अपनी सेना वापस हटा ली है। सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच उच्च स्तर पर गहन बातचीत के बाद यह समझौता हुआ। गौरतलब है कि लद्दाख क्षेत्र में चीनी सैनिकों की घुसपैठ को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था। चीनी सेना की वापसी को लेकर भारत और चीन के बीच तीन बार फ्लैग मीटिंग हुई जो बेनतीजा रही। माना जा रहा है कि दोनों देशों के संबंध खराब होते देखकर ही चीन ने वापस लौटने का फैसला किया है।

6 मई

  • बांग्लादेश में हिंसक संघर्षों में 14 लोगों की मृत्यु हो गई और लगभग सौ से ज्यादा लोग घायल हो गये। लगभग दस हजार दंगारोधी पुलिस एंटी क्राइम रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) और अर्धसैनिक बल बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिये एक संयुक्त अभियान चलाया ताकि दंगाइयों पर काबू पाया जा सके।

  • ईरान पर प्रतिबंधों के बावजूद भारत उसके साथ आर्थिक एवं वाणिज्यिक सहयोग बढ़ाना चाहता है। यह कहना है विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद का। तीन दिन की ईरान की यात्रा से लौटते हुये उन्होंने कहा कि भारत ने ईरान में रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण चाहबदार बंदरगाह के उन्नयन में भागीदारी का भी फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस बंदरगाह के रास्ते अफगानिस्तान तक माल का आवागमन सहज हो जायेगा। सलमान खुर्शीद ने कहा कि हम उनके साथ ईरान या भारत में संयुक्त निवेश के लिये तैयार हैं।

  • लड़ाकू विमान मिग-29 भारतीय नौसेना में शामिल होगा। भारतीय नौसेना के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि राज्य के आईएनएस हंसा नौसैनिक अड्डे पर रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी आईएनएएस 303 ब्लैक पैंथर्स नामक स्क्वॉड्रन को तैनात करेंगे। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि मिग-29 एक शक्तिशाली वाहक लड़ाकू विमान है जो एक बार आईएनएस विक्रमादित्य के साथ संबध्द किये जाने पर नौ सेना की ताकत में इजाफा करेगा। यह विमान जहाजरोधी और विमानरोधी आधुनिक मिसाइलों, अचूक निशाना साधने में सक्षम बमों और अन्य महत्वपूर्ण तथा अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है।

  • सुप्रीम कोर्ट ने कुडनकुलम परमाणु संयंत्र शुरू करने के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया। शीर्ष कोर्ट ने कहा है कि कुडनकुलम परमाणु संयंत्र पूरी तरह सुरक्षित है। यह जनहित और देश के आर्थिक विकास के लिये जरूरी है। कोर्ट ने यह भी कहा कि वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिये देश में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की जरूरत है।

7 मई

  • उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से दो मुसुदन मिसाइलों को हटा लिया है, जिससे कोरियाई प्रायद्वीप पर जारी तनाव के कम होने की उम्मीद की जा रही है। पिछले महीने ही उत्तर कोरिया ने पूर्वी तट पर इन दोनों मिसाइलों को तैनात किया था। मिसाइलों की तैनाती से अमेरिका और दक्षिण कोरिया के ठिकानों पर परमाणु हमले का खतरा पैदा हो गया था और कोरियाई प्रायद्वीप पर पहले से ज्यादा तनाव पैदा हो गया था।

  • दो रिपब्लिकन सीनेटरों सैक्सबी चैम्बलिस और बॉब कोर्कर ने गोल्फ के एक मैच में राष्ट्रपति बराक ओबामा को हरा दिया। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि ओबामा और उनके साथी डेमोक्रेट मार्क उडेल को दोनों रिपब्लिकन सांसदों ने हरा दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को सीनेटरों के साथ गोल्फ कोर्स में बहुत मजा आया।

  • केंद्र सरकार ने बताया है कि भारत में 2011-12 में प्रति व्यक्ति 14692 रुपये का विदेशी ऋण अनुमानित था। यह जानकारी वित्त राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा ने राज्यसभा में दी। उन्होंने बताया कि विदेशी ऋण 2010-2011 में 11517 रुपये था। वित्त मंत्री ने बताया कि दिसंबर 2012 के अंत तक भारत पर 37629 करोड़ 20 लाख अमेरिकी डॉलर का विदेशी ऋण था।

  • बांग्लादेश में कठोर ईशनिंदा कानून लागू करने की मांग को लेकर राजधानी ढाका के पास कट्टरपंथी इस्लामी संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की झड़प में 37 लोग मारे गये हैं। इन झड़पों की वजह से सार्वजनिक रैलियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नवगठित हिफाजत-ए-इस्लाम ने अपनी 13 सूत्री मांगों के लिये आवामी लीग सरकार पर दबाव बनाने के लिये ढाका की घेराबंदी की थी। फिर से हिंसा भड़कने के डर से ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शहर के भीतर सार्वजनिक तौर पर रैलियों के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

8 मई

  • भारतीय विज्ञान संस्थान के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा बिना सुई का दवा देने वाला उपकरण तैयार किया है जो सुपरसोनिक शाक वेव्स के जरिये शरीर में दवा पहुंचा सकता है। यह जानकारी मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री शशि थरूर ने लोकसभा में दी। उन्होंने बताया कि कलम के आकार का बिना सुई की दवा का सफल परीक्षण किया है। शशि थरूर ने कहा कि इस तकनीक का इस्तेमाल करते हुये चूहों में टाइफाइड का टीका सफलतापूर्वक लगाया गया।

  • भारतीय ध्रुपद के अनन्य पुरोधा जिया फरीदुद्दीन डागर का मुंबई में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से तपेदिक और निमोनिया से पीड़ित थे। उन्होंने संगीत की शिक्षा अपने पिता उस्ताद जियाउद्दीन से ली थी। उनके पिता ने उस्ताद फरीदुद्दीन को ध्रुपद गायन और वीणा वादन में प्रशिक्षित किया। 80 वर्षीय उस्ताद जिया फरीउद्दीन डागर उस परिवार से ताल्लुक रखते हैं जिसने 19 पीढ़ियों तक ध्रुपद गायकी को आगे बढ़ाया। मध्यप्रदेश सरकार ने उन्हें तानसेन सम्मान से नवाजा। 1994 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। उन्होंने 1982 में ध्रुपद केंद्र की स्थापना की। फरीदुद्दीन डागर ने मणिकौल की कला फिल्म 'सतह से उठता आदमी' और ध्रुपद को संगीत दिया। वे वर्तमान में ध्रुपद के सबसे महत्वपूर्ण गायक थे। ध्रुपद में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

  • पाकिस्तान की चुनावी दौड़ में अभी तक सबसे आगे रहे नवाज शरीफ ने कहा है कि वे भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर वो प्रधानमंत्री बनते हैं तो पाकिस्तानी जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बहुत सारे विवादित मुद्दे हैं जिन्हें सुलझाने की जरूरत है।

  • पॉप की मलिका मेडोना के स्वामित्व वाली एक पेंटिंग 72 लाख अमेरिकी डॉलर में नीलाम हुई। फ्रांस के कलाकार फर्नाड लेजे द्वारा बनाई गई इस पेंटिंग से प्राप्त राशि 52 वर्षीय गायिका ने लड़कियों को शिक्षित करने के लिये दान कर दी। यह राशि 'रे ऑफ लाइट फाउंडेशन' को दी गई है जो अफगानिस्तान, पाकिस्तान और अन्य देशों में लड़कियों की शिक्षा में इस्तेमाल की जायेगी।

9 मई

  • एयर इंडिया के बाद जेट एयरवेज ने सभी घरेलू उड़ानों में इकोनॉमी दर्जे में मुफ्त सामान ले जाने के नियमों में संशोधन करने की घोषणा की है। जेट की सभी उड़ानों में (जेट कनेक्ट शामिल) 15 किलो से ज्यादा प्रत्येक अतिरिक्त किलो सामान पर यात्रियों से 250 रुपये शुल्क लिया जायेगा। पहले यह सीमा 20 किलो थी। जेट एयरवेज के बयान के मुताबिक संशोधित नियम 15 मई से प्रभावी होंगे। एयर इंडिया ने 19 मई से घरेलू उड़ानों के लिये मुफ्त सामान की सीमा बीस से घटाकर 15 किलो करने को मंजूरी दी है। साथ ही अतिरिक्त वजन के लिये 200 से 25 रुपये तक शुल्क लगाने का भी फैसला किया है।

  • यूरोपियन स्पेस एजेंसी (ईएसए) वर्ष 2020 में पृथ्वी की निगरानी के लिये एक नये किस्म का सेटेलाइट छोड़ने जा रही है। इस नये तरह के सेटेलाइट का काम धरती के जंगलों की सही स्थिति का पता लगाना है। यह सेटेलाइट धरती के जंगलों के बारे में महत्वपूर्ण सूचनायें प्रदान करेगा। सेटेलाइट से मिली इन सूचनाओं के आधार पर धरती के कार्बन चक्र तथा जलवायु परिवर्तन में वनों की भूमिका को समझने में काम आयेगी।

  • विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद दो दिन की यात्रा पर चीन पहुंच गये। दो दिन की यात्रा के दौरान वे चीनी प्रधानमंत्री से मिलेंगे। गौरतलब है कि लद्दाख में चीनी सैनिकों की घुसपैठ और करीब तीन हफ्ते बाद वापसी की हालिया घटना के बाद यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

  • मशहूर वैज्ञानिक स्टीफन हॉकिंस ने फलस्तीनी जमीन पर इजरायली कब्जे का विरोध किया है। ब्लैक होल पर अपने काम के लिये मशहूर ब्रिटिश वैज्ञानिक हॉकिंस अगले महीने इजरायल के राष्ट्रपति शिमोन पेरेज द्वारा आयोजित एक बैठक को संबोधित करने वाले थे। मौजूदा समय में हॉकिंस कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के साथ काम कर रहे हैं।

10 मई

  • थ् फिल्म निर्माता सोहन रॉय की अंग्रेजी फिल्म 'डैम 999' ने सफलता के नये आयाम स्थापित किये हैं। इस फिल्म को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल फॉर एन्वायरमेंट, हेल्थ एंड कल्चर में 3 अवार्ड मिले हैं। इस फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म, स्पेशल ज्यूरी और बेस्ट मूवी ऑफ फेस्टिवल चुना गया है। गौरतलब है कि सोहन रॉय पूर्व में मर्चेंट नेवी में कार्यरत थे।

  • चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग ने कहा है कि भारत और चीन के रिश्तों का सामरिक महत्व है और चीन भारत के साथ विश्वास बहाली चाहता है। भारत के विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के साथ मुलाकात में ली केकियांग ने कहा कि चीन भारत के राजनैतिक विश्वास बहाली, व्यापारिक सहयोग, जनता के बीच आपसी समझ और सामरिक भागीदारी मजबूत करने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि भारत का वैश्विक प्रभाव है इसलिये दोनों देशों को सहयोग के साथ रहना चाहिए। इस मुलाकात के दौरान चीनी प्रधानमंत्री ली केकियांग और भारतीय विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के बीच कई मुद्दों पर चर्चा भी हुई।

  • अमेरिका के वर्जीनिया प्रांत के तकनीकी कॉलेज के छात्रों ने एक रोबोटिक जैली फिश बनाई है जो समुद्र के भीतर की गतिविधियों और उठती तरंगों पर नजर रख सकती है। इस जेली फिश को 'साइरो' नाम दिया गया है। इसकी लंबाई पांच फीट और चौड़ाई पांच फीट सात इंच है। इसके एल्यूमिनियम के हाथ है और ऊपर की परत सिलिकॉन से बनाई गई है। इसके अंदर एक 'ब्रेन बॉक्स' लगाया गया है जो दिमाग की तरह काम करता है यह निकल हाईड्राइड बैटरी से काम करती है।

  • सभी राजनीतिक दल मतदान के दौरान दिखाये जाने वाले एक्जिट पोल पर रोक लगाने पर एकमत हो गए हैं। वे चाहते हैं कि विभिन्न मीडिया चैनलों द्वारा किये जाने वाले ओपिनियन पोल पर भी रोक लगायी जाए। नई दिल्ली में चुनाव आयोग द्वारा सभी राजनीतिक दलों की बुलाई गई बैठक में यह बात सामने आयी। बैठक में रसीद देने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का भी प्रदर्शन किया गया।

 

Top

 
 
     
     

 

Copyright 2009, Rojgar Aur Nirman, All Rights Reserved   वेबसाइट : आकल्पन, संधारण एवं अद्यतन 'वेबसेल' मध्यप्रदेश माध्यम द्वारा

>> सम्पर्क

>>सूचना

>>सदस्यता